भाजपा पार्षद के बेटे पर लव जिहाद का केस, POCSO के तहत दर्ज हुआ मामला
पार्टी की सनातनी छवि पर फिर सवाल
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। नगर परिषद के भाजपा पार्षद शेख शाकिर के पुत्र शेख अरशद पर नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग, जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव और शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर शाहपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पीड़िता नाबालिग छात्रा है, उसने अपनी शिकायत में बताया है कि आरोपी अरशद ने सोशल मीडिया पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उससे संपर्क साधा। शुरुआत में सामान्य बातचीत हुई, जो धीरे-धीरे चैटिंग में बदल गई। आरोपी ने उसे होटल में मिलने के लिए बुलाया। मिलने के बाद विभिन्न जगहों पर उसके साथ सेल्फी ली गईं और उनसे वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को ब्लैकमेल किया गया। इसके बाद आरोपी ने लगातार दबाव बनाया कि वह अपना धर्म बदलकर इस्लाम कबूल करे, निकाह करे और शारीरिक संबंध बनाए।
छात्रा इस दबाव में मिलने पहुंची, लेकिन संयोगवश रिश्तेदारों की नजर पड़ गई। रिश्तेदारों को देखते ही छात्रा घबरा गई और डर व शर्मिंदगी के कारण उसने पूरा घटनाक्रम परिवार और रिश्तेदारों को बता दिया। इसके बाद परिवार ने तुरंत शाहपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी शेख अरशद (पिता शेख शाकिर) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75(1), 75(2), 78(2); POCSO एक्ट की धारा 7-8; एससी/एसटी एक्ट तथा मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 और 5(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
मामला सामने आने के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता थाने पहुंचे और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पहले कहा गया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है लेकिन पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है और जांच जारी है। य
पहले भी हो चुकी है भाजपा की किरकिरी
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पहले भी लव जिहाद के मामले में भाजपा की किरकिरी हो चुकी है। यहां पर शारिक मछली के परिवार के विभिन्न अवैध गतिविधियों में शामिल होने के मामले आए थे, जिसमें लव जिहाद भी एक था। शारिक मछली भारतीय जनता पार्टी की सरकार में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग के साथ अक्सर देखा जाता था। उसके कई वीडियो विश्वास सारंग के साथ वायरल हुए थे। मछली परिवार के मुख्य आरोपी शारिक अहमद उर्फ शारिक मछली पर ड्रग्स तस्करी (MDMA/एक्स्टसी), लव जिहाद, ब्लैकमेलिंग, यौन शोषण और सरकारी जमीन कब्जे के दर्जनों मामले सामने आए हैं। परिवार के 9 भाइयों में से शारिक को मुख्य सरगना माना जा रहा है, जबकि भतीजे यासीन मछली और शाहवर मछली जेल भेजे गए थे। इस मामले के बाद भाजपा की बहुत किरकिरी हुई थी।