27th July 2024

यूक्रेन-रूस संकट के बीच 6 भाषाओं में रिपोर्टिंग कर रहा एक रिपोर्टर

कीव (यूक्रेन)

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे विवाद के बीच ऐसी आशंका जताई जा रही है कि रूस किसी भी समय यूक्रेन पर हमला कर सकता है। इस संकट पर दुनिया भर के नेता और लोग नजर गड़ाए हुए हैं, इसी बीच सोशल मीडिया पर एक रिपोर्टर का वीडियो वायरल हो रहा है। यह रिपोर्टर यूक्रेन में मौजूद है और वहीं से रिपोर्टिंग कर रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि यह रिपोर्टर अकेले ही छह भाषाओं में रिपोर्टिंग कर रहा है।

दरअसल, इस रिपोर्टर का नाम फिलिप क्रॉथर है। डेली मेल की एक ऑनलाइन रिपोर्ट के मुताबिक फिलिप द एसोसिएटेड प्रेस ग्लोबल मीडिया सर्विसेज से जुड़े हुए हैं। फिलिप इस समय यूक्रेन की राजधानी कीव में मौजूद हैं और वहां से कई अन्य मीडिया सर्विसेज के लिए भी रिपोर्टिंग कर रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि अपने वायरल वीडियोज में फिलिप अलग-अलग छह भाषाओं में शानदार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक फिलिप क्रॉथर अंग्रेजी, लक्जमबर्ग, स्पेनिश, पुर्तगाली, फ्रेंच और जर्मन समेत छह भाषाओं में धाराप्रवाह बोलते हैं। अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर फिलिप क्रॉथर ने सोमवार को छह भाषाओं में अपने रिपोर्टिंग का एक वीडियो शेयर किया। उनके इस वीडियो में कई समाचार सर्विसेज के लिए रिपोर्टिंग करते हुए उन्हें दिखाया गया है, जिसेलोग खूब पसंद कर रहे हैं। आप फिलिप की रिपोर्टिंग को यहां देख सकते हैं..

फिलिप कीव से ही रूस-यूक्रेन संकट की रिपोर्ट कर रहे हैं। और उन्हें लाइव या सोशल मीडिया पर देखने वालों दर्शकों ने छह भाषाओं में सहजता से बोलने के लिए उनकी प्रशंसा की है। फिलहाल दुनियाभर के लोगों की नजरें रूस-यूक्रेन संकट पर हैं लेकिन फिलिप क्रॉथर की फर्राटेदार रिपोर्टिंग के लोग कायल हो रहे हैं।

error: Content is protected !!