27th July 2024

गुजरात में भाजपा विधायक जुआ खेलते पकड़े गए, शराब भी हुई बरामद

0

तो उत्तराखंड के भाजपा विधायक पर सहयोगी महिला ने ही बलात्कार का केस दर्ज कराया

अहमदाबाद/ हरिद्वार

भाजपा के दो विधायकों के अलग-अलग मामलों में नाम सामने आए हैं। जहां गुजरात के एक विधायक को पुलिस ने होटल में जुआ खेलते पकड़ा है और साथ ही उनके पास से शराब भी बरामद की है तो वहीं हरिद्वार के भाजपा विधायक पर साथी महिला कार्यकर्ता ने बलात्कार का केस दर्ज किया है। दोनों मामलों से भाजपा सकते में है और कांग्रेस हमलावर। हालांकि भाजपा इस बात से राहत की सांस ले सकती है कि गुजरात के इस विधायक के साथ पार्टी नेतृत्व के संबंध राज्यसभा चुनाव के समय से ही ठीक नहीं चल रहे हैं। वहीं हरिद्वार के विधायक पहले ही इस महिला पर केस दर्ज करा चुके हैं।

पावागढ़ पुलिस की रैड में पकडे गए विधायक केसरी सिंह सोलंकी

गुजरात के पंचमहल जिले की पुलिस ने गुरुवार को बीजेपी के एक विधायक जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। इसके अलावा पुलिस ने विधायक केसरी सिंह सोलंकी को शराब रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विधायक के अलावा 13 अन्य लोगों को अरेस्ट किया है। इन सभी लोगों को पंचमहल जिले में स्थित पावागढ़ की लोकल क्राइम ब्रांच ने अरेस्ट किया है। गिरफ्तारियों के बारे में बताते हुए पंचमहल जिले की एसपी लीना पाटिल ने कहा कि लोकल क्राइम ब्रांच की टीम ने जिमी क्लब रिजॉर्ट में छापेमारी की थी और इसी दौरान इन्हें गिरफ्तार किया गया।

यह क्लब गोधरा-पावागढ़ रोड पर स्थित है। लीना पाटिल ने बताया कि करीब 15 लोगों को कैश में जुआ खेलते हुए शराब पीते पकड़ा गया है। डीएसपी ने कन्फर्म किया कि गिरफ्तार लोगों में केसरी सिंह सोलंकी भी शामिल हैं, जो खेड़ा जिले की मातर विधानसभा सीट से विधायक हैं। लीना पाटिल ने इस रेड के बारे में ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया। हालांकि यह जरूर कहा कि यह रेड पहले ही मारी गई और अभी एफआईआर दर्ज की जानी है। भाजपा के विधायक की गिरफ्तार की प्रदेश भर में काफी चर्चा हो रही है।

क्रॉस वोटिंग का संदेह था भाजपा को

विधायक केसरी सिंह चौहान जुलाई 2020 में उस वक्त चर्चा में आए थे, जब राज्यसभा सीटों पर चुनाव थे। उस दौरान यह कयास भी लग रहे थे कि शायद वह क्रॉस वोटिंग में शामिल थे। उनके कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने के कयास लगाए जा रहे थे। तब से ही पार्टी नेतृत्व के साथ उनके बहुत अच्छे संबंध नहीं थे।

हरिद्वार विधायक सुरेश राठौर पर कोर्ट के आदेश से केस दर्ज

हरिद्वार की ज्वालापुर सीट से भाजपा विधायक सुरेश राठौर पर पार्टी की ही एक महिला नेता ने रेप का आरोप लगाया है। महिला नेता की शिकायत पर बहादराबाद थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी के अनुसार महिला नेता की तहरीर पर शुक्रवार को बीजेपी विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

महिला ने शिकायत में कहा है कि विधायक ने कुछ महीने पहले उसके साथ बलात्कार किया। उस समय मामला दर्ज नहीं कराने के पीछे विधायक की तरफ से मिली धमकी को कारण बताया गया है। विधायक ने महिला को आग लगाकर मार डालने की धमकी दी थी। बहादराबाद थाने के सब इंस्पेक्टर महेंद्र पुंडीर ने बताया कि विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच हो रही है। बार-बार कोशिशों के बाद भी विधायक से संपर्क नहीं हो सका है।

कुंभ में महामंडलेश्वर बनने वाले थे राठौर

सुरेश राठौर को संत रविदास संप्रदाय के अनुयायियों के बीच रविदासाचार्य के रूप में भी जाना जाता है। वह धार्मिक उपदेश भी देते हैं। महाकुंभ के दौरान उन्होंनें अनुसूचित जातियों के लोगों संग एक धार्मिक जुलूस भी निकाला था। महाकुंभ मेले के दौरान उन्हें श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े का महामंडलेश्वर बनने की भी घोषणा की गई थी। लेकिन कड़े विरोध के कारण अखाड़ा पीछे हट गया था। कहा गया कि उनका विवाह हुआ है और परिवार भी है। जबकि केवल वे ही महामंडलेश्वर बन सकते हैं जो पारिवारिक और भौतिकवादी जीवन को त्यागते हैं।

विधायक ने पहले दर्ज कराया था महिला पर मामला

विधायक पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला पर भी विधायक ने मई में केस दर्ज कराया था। 26 मई को विधायक सुरेश राठौर ने महिला के साथ ही उनके पति और तीन अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ मीडियाकर्मियों के साथ मिलकर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। अश्लील वीडियो को वायरल करने की बात कहते हुए 30 लाख रुपये की मांग की जा रही है।

महिला ने रुपये नहीं देने पर बलात्कार का आरोप लगाने की धमकी दी है। तब पुलिस ने महिला और उसके पति समेत सभी पांच लोगों को जाल बिछाया और रुपये देने के लिए बुलाकर गिरफ्तार कर लिया था। बाद में महिला नेता ने यह आरोप लगाते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाया कि राठौर ने उनके साथ बलात्कार किया। उन्होंने पुलिस को गुमराह किया और विधायक के रूप में अपने दबदबे के कारण खुलेआम घूम रहे हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!